बदरीनाथ हाईवे सुबह पांच बजे मलबा आने से हो गया था बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
गौचर। कमेड़ा भूस्खलन जोन में पहाड़ी से मलबा आने से सोमवार को बदरीनाथ हाइवे करीब नौ घंटे तक बंद रहा। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर 200 से अधिक वाहनों में यात्री व स्थानीय लोग फंसे रहे।
रविवार को रातभर हुई बारिश से कमेड़ा में बदरीनाथ हाइवे पर पहाड़ी से मलबा और बोल्डर आ गए। ऐसे में हाईवे सुबह पांच बजे ही बंद हो गया। एनएचआईडीसीएल ने यहां हाईवे खोलने के लिए तीन जेसीबी व पोकलेन लगाई थी लेकिन मलबा ज्यादा था। वहीं पहाड़ी से रुक रुककर मलबा आने के कारण मशीन ऑपरेटर को काम करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हाईवे बंद रहने से यहां करीब 200 से अधिक वाहन दोनों ओर फंसे रहे। एनएचआईडीसीएल की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर दो बजे करीब कमेड़ा में बदरीनाथ हाइवे खोला गया तो वाहन गंतव्य के लिए रवाना हुए।
तीन दिन से मार्ग बंद
कर्णप्रयाग। तहसील जिलासू के अंतर्गत सेमी मासौ मार्ग सरणा में सेलतरी गदेरे के पास भूस्खलन होने से तीन दिनों से बंद है। मार्ग बंद होने से ऐरास, झिलोटी, मस्टगांव, कोलणा, पैणी, जैबड़ा, कूजासू, जालखंदा आदि गांव के ग्रामीण कर्णप्रयाग नहीं पहुंच पा रहे हैं। सरणा की ग्राम प्रधान ममता रावत, अनूप रावत, ममता रावत, खुशाल सिंह, पुष्कर रावत, दिनेश सिंह ने कहा कि सड़क बंद होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। वहीं पीएमजीएवाई पोखरी के अधिशासी अभियंता मनमोहन बिजल्वाण ने बताया कि मलबा हटाने के लिए जेसीबी भेज दी गई है। पहाड़ी से भूस्खलन के कारण काम प्रभावित हो रहा है। जल्द मार्ग खोल दिया जाएगा। संवाद
पहाड़ी से दरकी चट्टान, सड़क धंसी, छह मकानों को खतरा
कर्णप्रयाग। रविवार रात को हुई बारिश के कारण पौड़ी-पैठाणी मार्ग पर पुनगांव में चट्टान का एक हिस्सा दरककर सड़क पर आ गिरा और सड़क धंस गई। ऐसे में सड़क के नीचे गांव में रह रहे छह मकानों को खतरा हो गया है। प्रभावित परिवारों ने घरों को छोड़कर आसपास के लोगों के घरों में शरण ली है। वहीं रास्ता खुलता न देख ग्रामीणों ने घन, सबल आदि की मदद से चट्टान को तोड़कर पैदल आवाजाही के लिए मार्ग बनाया।
पुनगांव के अधिवक्ता देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि चट्टान टूटने से सड़क धंस गई है जो कभी भी टूट सकती है। ऐसे में सड़क के नीचे रह रहे सभी परिवारों को शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं लोनिवि गौचर के सहायक अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि सड़क से चट्टान हटाने के लिए जेसीबी भेज दी गई है। साथ ही अवर अभियंता को भी मौके पर भेजा गया है। मौके का निरीक्षण कर प्रभावित क्षेत्र का ट्रीटमेंट करने का प्रयास किया जाएगा। संवाद