रिश्तेदार की शादी में जाने के लिए घर से निकले युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में वीरगंगा गदेरे के किनारे मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गोपेश्वर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
पपड़ियाणा गांव निवासी हरेंद्र सिंह पंवार (24 साल) पुत्र विकास पंवार शनिवार को रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए ग्वाड़ गांव जाने के लिए निकला था, लेकिन वह शादी में नहीं पहुंचा। रविवार को उसका भाई विवेक पंवार शादी में पहुंचा तो स्थिति का पता चला। इसके बाद उन्होंने हरेंद्र की खोज शुरू की तो देर शाम को विकास का शव वीरगंगा गदेरे के किनारे पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार सुबह मृतक के पिता विकास पंवार ने गोपेश्वर थाने में तहरीर दी, जिसमें उन्होंने बेटे की हत्या की आशंका जताई। गोपेश्वर थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह नेगी का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।