जूनीधार गांव के पास सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में बमराड़ी गांव के महाबीर सिंह (40) का शव मिला। शव के सिर व शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। राजस्व पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर युवक की हत्या का आरोप लगाया और राजस्व पुलिस में तहरीर दी।
थराली के पटवारी चंद्र सिंह बुटोला ने बताया कि शनिवार को जूनीधार गांव का एक व्यक्ति खच्चरों को लेकर रास्ते से गुजर रहा था तो उसने सड़क किनारे महाबीर सिंह को मृत पड़े देखा। उसने इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना पर राजस्व पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया। पटवारी ने कहा कि महाबीर सिंह शुक्रवार को बकरियों का सौदा करने कूनी पार्था गांव में गया था और रात को घर नहीं लौटा। शनिवार को उसका शव संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे मिला। राजस्व उपनिरीक्षक ने बताया कि मृतक के शरीर व सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। टीम में राजस्व निरीक्षक हिम्मत सिंह रौतेला, राजस्व उपनिरीक्षक राजकुमार सिद्धवान, पीसी होमगार्ड्स सुरेंद्र सिंह शाह, रामचंद्र देवराड़ी आदि शामिल थे।