गैरसैंण। नगर की डाक बंगला सड़क अब जल्द वाहनों के लिए खुल जाएगी। अधिकारियों ने यहां एक सप्ताह में सड़क सुधारीकरण कार्य पूरा करने की बात कही है।
मुख्य बाजार तिराहे से अस्पताल लोनिवि मार्ग पर 1.30 करोड़ की लागत से इंटर लॉकिंग टाइल्स बिछाई जा रही है। पूर्व में यहां यातायात वन वे किया गया था जिसके तहत वाहन डाकबंगला सड़क से जाते और एनएच से आते थे। मगर डाक बंगला सड़क के सुधारीकरण के कारण वाहन केवल एनएच से गुजर रहे हैं। इस कारण यहां बस स्टैंड से गढ़वाल मंडल विकास निगम तक करीब एक किलोमीटर सड़क पर जाम लगता रहता है। व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट का कहना है कि जाम लगने से वाहन चालकों, मुसाफिरों और व्यापारियों को दिक्कतें हो रही हैं। वहीं लोनिवि के ईई जेपी थपलियाल ने कहा कि मौसम की खराबी के कारण इंटर लॉकिंग कार्य में विलंब हो रहा है। मौसम ने साथ दिया तो एक सप्ताह में डाक-बंगला सड़क मार्ग दुरुस्त कर खोल दिया जाएगा। संवाद