रोंग्पा जनजाति सांस्कृतिक एवं खेल विकास समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय माघ महोत्सव का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शुुुभारंभ हुआ। महोत्सव में मध्य रात्रि तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।
शनिवार रात को बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। विधायक ने भोटिया जनजाति के ग्रामीणों की सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष से माघ महोत्सव को भव्य रूप दिया जाएगा।
पहली सांस्कृतिक संध्या में गायककार किशन महिपाल ने जख द्यबतों का ठों छन भैजी, वखी हमरा भी गौं छन भैजी, स्याली बंपाली त्वे मिलण औलू स्याली नीती-गमशाली, हे रूड़ी मिजाज्या रूड़ी जैसे गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। जौनसारी गायिका सुमन ने अफुं थें सजाई मां, मेहंदी तेरी हाथ्यूं की और ह्यूंद का दिन फिर बौड़ी ए गेनी जैसे गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।
इस मौके पर जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन, रोंग्पा जनजाति समिति के अध्यक्ष नंदन सिंह टकोला, धीरेंद्र गरोड़िया, पूरन फर्स्वाण और अरविंद नेगी आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन हरेंद्र सिंह राणा ने किया।a