फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ढोल वादन की थाप पर झूमे

Wed, 27 Jan 2016 09:07 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला,चमोली
विज्ञापन
विज्ञापन
तेफना में चल रहे सात दिवसीय दशोलीगढ़ विकास एवं सांस्कृतिक मेले के अंतिम दिन हुई ढोल वादन की प्रतियोगिताओं से नंदाकिनी घाटी ढोल सागर की थाप पर खूब झूमी। प्रतियोगिता में घाट के ढोल वादकों की जोड़ी प्रथम रही, जबकि जेटी के ढोल वादक द्वितीय स्थान पर रहे।
विज्ञापन


मेला मैदान में समारोह का शुभारंभ स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना के साथ किया। बच्चों ने गढ़वाली लोकगीत और नृत्य के साथ नंदा तेरी जात पैटण बैठिगे.... जागर पर नंदा देवी राजजात की आकर्षक झांकी निकाली।

 भोटिया महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों और भोटिया नृत्य की प्रस्तुति दी, जबकि महिला मंगल दल सिलंगी ने चांछरी नृत्य पेश किया। वहीं कोट-कंडारा के ग्रामीणों ने बगड़वाल और कांडई ने पांडव नृत्य की प्रस्तुति दी।
विज्ञापन


कार्यक्रम में पहाड़ की ढोल वादन की परंपरा को आगे लाने के लिए आयोजित प्रतियोगितात्मक ढोल वादन की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिसमें घाट, कांडई, तेफना, जेटी, कनखुल और किमोली के ढोल वादकों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में घाट के हरीश और जोगी की जोड़ी को प्रथम पुरस्कार 2100 रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र, द्वितीय रहे जेटी के सौण्यां और शिव लाल की जोड़ी को 1100 और प्रशस्ति पत्र दिया गया।

प्रतिभाग करने वाले अन्य सभी ढोल वादकों को 500 रुपये सांत्वना पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिए। लोक जागृति विकास संस्था के सचिव जितेंद्र कुमार के संचालन में हुई प्रतियोगिता के निर्णायक नारायणबगड़ के गंगाराम रहे।

समारोह का संचालन मेला समिति सचिव बीरेंद्र रावत और उपाध्यक्ष विजेंद्र रावत ने किया। इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह राणा, प्रधान रामी देवी, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी जोशी और माहेश्वरी कन्याल, प्रधान संघ के प्रांतीय प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी, दुग्ध संघ की अध्यक्ष राजेश्वरी नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रेनू नेगी, विजय लाल, राकेश लाल, संदीप, हरीश चौहान और ताजवर नेगी आदि मौजूद थे।

मेला समिति को एक लाख
मेले के समापन समारोह में विधानसभा उपाध्यक्ष डा. अनुसूया प्रसाद मैखुरी ने मेला समिति को एक लाख दिए जाने की घोषणा की। साथ ही क्षेत्र में हो रहे सड़कों के निर्माण, स्कूलों के उच्चीकरण सहित गरीबों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को सीएम की दूरदृष्टि बताया। विधायक के साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरि सिंह रावत और पूर्व जिला पंचायत सदस्य उमेद सिंह कठैत ने भी विचार रखे।

चटंग्याला के ग्रामीणों ने विधायक को घेरा
समापन समारोह के दौरान चटंग्याला और आस पास के ग्रामीणों ने गांव तक सड़क निर्माण को लेकर विधायक का घेराव किया। करीब 20 मिनट तक घेराव के दौरान ग्रामीणों ने गांव तक सड़क निर्माण की मांग की।

 इस पर विधायक डा. मैखुरी ने ग्रामीणों को आश्वसत किया कि गांव तक सड़क की स्वीकृति सरकार दे चुकी है। इसकी प्रक्रिया वन विभाग और लोक निर्माण विभाग पूरी कर रहा है। जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें