चमोली जिले के गौचर में 14 नवंबर से होने वाले औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले (गौचर मेले) की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को डीएम ने मेले के कार्यक्रमों का ब्रोशर लांच करते हुए कहा कि मेले में स्थानीय सांस्कृतिक कलाकारों को पूरा मौका दिया जाएगा। मेले में गायिका प्रियंका मेहर और हसन रिजवी अपनी प्रस्तुतियां देकर लोगों को झुमाएंगे तो उड़ीसा के दिव्यांग कलाकार एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। मेले में इस बार मिस्टर एवं मिस गौचर प्रतियोगिता भी होगी। डीएम ने मेला मैदान का निरीक्षण कर अधिकारियों को 12 नवंबर तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि मेले में राष्ट्रीय स्तर के खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मेले में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों को भी बुलाया गया है, जिसमें बॉलीवुड के सिंगर भी रहेंगे। इस बार मेले में रिवर राफ्टिंग, बर्माब्रिज सहित बच्चों के लिए किड्स जोन भी बनाया जाएगा। कार्यक्रम में स्पून रेस, जलेबी रेस आदि ओपन फॉर ऑल फन गेम्स भी होंगे।
बैठक से पूर्व डीएम ने मेला प्रांगण का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी स्टॉलों को सुव्यवस्थित ढंग से लगाने और सभी समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती रतूड़ी ने कहा कि गौचर से कर्णप्रयाग तक हाइवे की दशा खराब है। इस पर डीएम ने एनएच के अधिकारियों को हाईवे को मेले से पूर्व दुरुस्त करने को कहा। इस मौके पर एसडीएम/मेलाधिकारी देवानंद शर्मा, सीएमओ डा. अनूप डिमरी, डा. एमएस सजवाण, तहसीलदार सोहन सिंह रांगड सहित एनएच, लोनिवि, जल संस्थान, विद्युत, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और नगर पालिका आदि विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
माईथान में नौ नवंबर से शुरू होगा खनसर मेला
गैरसैंण। चमोली जिले के माईथान कस्बे में नौ नवंबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय खनसर विकास किसान एवं सांस्कृतिक मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को टैटुंडा, जलचौंरा, कलचुंडा, कोलानी, कोट, नैल, कुशरानी, नैणी गांवों के जनप्रतिनिधियों ने बैठक कर मेले को भव्य बनाने पर चर्चा की।
जिला पंचायत सदस्य अवतार सिंह पुंडीर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने सर्वसम्मति से मेले में सहयोग करने का संकल्प लिया। निर्णय लिया गया कि मेले में गढ़वाली, कुमाउंनी लोकगीतों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही स्कूली बच्चों के शैक्षिक कार्यक्रमों के अलावा महिला और युवक मंगल दलों के कार्यक्रम होंगे। नृत्य नाटिका के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में खेती करने वाले किसानों की समस्याओं को उजागर किया जाएगा। मेले में काश्तकारों को कृषि की नई तकनीक के बारे में विशेषज्ञों की ओर से जानकारी दी जाएगी। ग्रामीणों ने मेला शुरू होने से पहले छह किमी दिवागाड़-कंडारीखोड मोटर मार्ग को दुरुस्त करने की मांग की। बैठक में ऊषा गुसांई, आरती देवी, धनपा देवी, पूजा नेगी, केदार बिष्ट, पान सिंह, आशा देवी, राधा रावत, दीपक बिष्ट, प्रेम बिष्ट, दिनेश राम, वीरेंद्र रावत, नारायण बिष्ट और अवतार पुंडीर आदि मौजूद रहे।