पुलिस मैदान में तृृतीय राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुआ। टूर्नामेंट में प्रदेश की 22 टीमों ने पंजीकरण कराया है।
पहले मैच में क्रिकेट क्लब स्पाल्टन (चमोली) ने क्रिकेट टीम टाइटन (चमोली) को 14 रनों से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। 30 रन और दो विकेट लेने पर स्पाल्टन के खिलाड़ी लक्ष्मण सिंह को मैन ऑफ दि मैच चुना गया।
रौंग्पा जनजाति सांस्कृतिक एवं खेल विकास समिति की ओर से आयोजित इस टूर्नामेंट का शुभारंभ डीएम विनोद कुमार सुमन ने किया। इस दौरान भोटिया जनजाति की महिलाओं ने पौणा नृत्य और गोपीनाथ कला मंच के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
टूर्नामेंट के पहले दिन स्पाल्टन की टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित 12 ओवर में 96 रन बनाए। टाइटन के खिलाड़ी इस आसान लक्ष्य को भी पार नहीं कर पाए और 82 पर टीम ऑल आउट हो गई।
इस मौके पर जिला बार संघ अध्यक्ष नंदन सिंह बिष्ट, रौंग्पा समिति के अध्यक्ष नंदन सिंह टकोला, सचिव धीरेंद्र गरोडिया, छात्र संघ अध्यक्ष मनोज रावत, सूपिया सिंह राणा, डा. जीएस पाल, दिनेश सयाना, राजेंद्र सिंह, अनिल बिष्ट, धर्मेंद्र सिंह पाल, रणजीत टोलिया और शेर सिंह कंडारी आदि मौजूद थे।