बदरीनाथ हाईवे पर पंचपुलिया गलनाऊं के पास हादसों के कारण हो गए थे क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर पंचपुलिया के पास एनएच की ओर से डेंजर जोन पर क्रश बैरियर लगाए जा रहे हैं। हालांकि पूर्व में इस स्थान पर क्रश बैरियर लगाए गए थे लेकिन बार-बार दुर्घटनाओं के कारण वे क्षतिग्रस्त हो चुके थे। एनएच की ओर से यहां पर फिर से क्रश बैरियर लगाए जा रहे हैं।
कर्णप्रयाग-गौचर के बीच पंचपुलिया के पास तीव्र ढाल और तीखा मोड़ होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही थीं जिसमें कई लोग चोटिल हो चुके थे और कई मौतें हो रही थीं। बीते 23 मई को एक दोपहिया वाहन हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। इसके बाद 10 जून को हुए हादसे में दो लोग घायल हो गए। पहले भी यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। अब एनएच की ओर से इस स्थान पर क्रश बैरियर लगाए जा रहे हैं। एनएच के स्नातक अभियंता गौरव पंत ने बताया कि दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यहां पर क्रश बैरियर लगाए जा रहे हैं। क्रश बैरियर लगने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी। साथ ही वाहन चालक भी इस स्थान पर धीमी गति से वाहन चलाएं।