इस बार दत्तात्रेय जयंती पर 28 और 29 दिसंबर को अनसूया मेला तो आयोजित होगा, लेकिन संतान प्राप्ति के लिए दंपति मंदिर में रात्रि जागरण व पूजा-अर्चना नहीं कर पाएंगे। कोरोना संक्रमण को देखते हुए अनसूया मंदिर ट्रस्ट और प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
अनसूया माता के मंदिर में प्रतिवर्ष दत्तात्रेय जयंती पर भव्य मेला आयोजित होता है। संतान दायिनी माता अनसूया के मंदिर में संतान प्राप्ति की कामना लेकर बड़ी संख्या में दंपति पहुंचते हैं और यहां रात्रि जागरण कर माता की पूजा-अर्चना करते हैं, लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण के चलते दंपतियों को रात्रि जागरण की अनुमति नहीं है। अनसूया मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य डा. प्रदीप सेमवाल ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर कोई रोक नहीं रहेगी, लेकिन संतान प्राप्ति की पूजा नहीं होगी। इधर, अपर जिलाधिकारी अनिल चन्याल ने बताया कि अनसूया गेट पर इस साल दुकानें नहीं लगेंगी। मंदिर पहुंचने वाली देव डोलियों के साथ ही सीमित लोगों को जाने की अनुमति दी जाएगी।