गोपेश्वर के समीप घिंघराण रोड़ के किनारे सूखी घास पर भड़की आग।
- फोटो : amar ujala.
जोशीमठ के रिंगी गांव के जंगल में सोमवार को कंट्रोल बर्निंग की आग बेकाबू हो गई। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इन दिनों जोशीमठ के जंगलों में राष्ट्रीय पार्क प्रशासन की ओर से कंट्रोल बर्निंग की जा रही है। सोमवार को रिंगी गांव के जंगल में कंट्रोल बर्निंग के तहत वन कर्मियों ने आग लगाई, लेकिन तेज हवा चलने से आग बेकाबू हो गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई। करीब दो घंटे तक कर्मी और स्थानीय ग्रामीण आग बुझाने में जुटे रहे। इसके बाद अपराह्न तीन बजे तक आग पर काबू पाया जा सका।
नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के रेंजर नागेंद्र रावत ने बताया कि गर्मी के दिनों में जंगलों में आग न भड़के, इसके लिए इन दिनों कंट्रोल बर्निंग की जा रही है, लेकिन कई बार तेज हवा से आग बेकाबू हो रही है। वहीं, सोमवार को घिंघराण रोड, नेल-कुडांऊ गांव के नीचे और पीपलकोटी क्षेत्र के जंगल और चट्टानों पर दिनभर आग लगी रही। नेल-कुड़ाऊं गांव के नीचे चीड़ के जंगल में सुबह नौ बजे ही आग भड़क गई थी, जो दोपहर दो बजे बुझाई जा सकी।