पोखरी। पोखरी-कांडई देवीखेत-त्रिशूला सड़क पर त्रिशूला गदेरे पर निर्माणाधीन पुल का काम एक साल से अधर में लटका है। ऐसे में ग्रामीणों को 30 किमी से अधिक की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर पुल का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की।
त्रिशूला की प्रधान कमला देवी, दिगपाल राणा, मोहन सिंह, विनोद नेगी आदि ने कहा कि पीएमजीएसवाई के इस मार्ग को हापला-गोपेश्वर सड़क से जोड़ने के लिए त्रिशूला गदेरे पर पुल का निर्माण किया जा रहा है लेकिन पुल का काम एक साल से अधूरा पड़ा है। इस पुल से त्रिशूला, कापलपाड़ी, शरणाचाई, डामक सहित अन्य गांव के लोग जुड़े हैं। वर्तमान में उन्हें गोपेश्वर जाने के लिए पहले पोखरी आना पड़ता है वहां से गोपेश्वर जाते हैं, जिससे उन्हें 30 किमी से अधिक की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। पुल बन जाएगा तो उनकी करीब 26 किमी की दूरी कम हो जाएगी। उन्हें करीब तीन से चार किमी ही चलना पड़ेगा। संवाद