बदरीनाथ धाम के कपाट खुलते ही धाम में नमामि गंगे परियोजना के तहत अलकनंदा किनारे घाटों का निर्माण और विकास कार्य शुरू हो गए हैं। मंगलवार को देवस्थानम बोर्ड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडी सिंह ने गांधी घाट पर स्नान घाट निर्माण का विधिवत शुभारंभ किया। स्नान घाट का निर्माण व विकास इंडोरामा ट्रस्ट की वित्तीय सहायता से एक निजी संस्था की ओर से किया जा रहा है। बदरीनाथ के धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने बताया कि गांधी घाट का प्राचीन नाम उद्धव घाट है। उन्होंने इस घाट का नाम उद्धव घाट के नाम से रखने का सुझाव दिया। इस मौके पर प्रोजेक्ट मैनेजर अंकुर सिंह चौधरी, नमामि गंगे के अवर अभियंता अखिलेश कुमार, राहुल वेद, बाला जी इंफ्राटेक के एमडी संजय चौहान, नगर पंचायत बदरीनाथ के ईओ सुनील पुरोहित और संजय भट्ट आदि मौजूद थे।