छह किमी आगरचटी-स्यूंणी मल्ली मोटर मार्ग का निर्माण रविवार से शुरू हो गया। विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने आगरचटी-स्यूंणी मल्ली मोटर मार्ग का भूमि पूजन किया। विधायक ने कहा कि जल्द सड़क का निर्माण कार्य पूरा करवा दिया जाएगा।
सड़क निर्माण के शुभारंभ पर स्यूूंणी गांव के ग्राम प्रधान ध्यान सिंह ने कहा कि कई सालों से ग्रामीण सड़क की मांग कर रहे थे। सड़क बनने के बाद ग्रामीणों को बाजार में दिक्कत नहीं होगी और जंगल के रास्तों से बाजार नहीं जाना पड़ेगा। विधायक एसएस नेगी ने कहा कि वर्तमान समय में कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में ढाई सौ करोड़ की लागत की 71 सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है। आगरचट्टी से स्यूंणी मल्ली गांव तक छह किमी सड़क का निर्माण पौने चार करोड़ की लागत से होगा। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख शशि देवी, जिला पंचायत सदस्य बलबीर रावत, प्रभा देवी, प्रधान ध्यान सिंह, लीलाधर जोशी, जगमोहन कठैत, रामचंद्र गौड़, गिरीश डिमरी, महावीर रावत, देवेंद्र, राजेंद्र बिष्ट और जसवंत बिष्ट और केएस नेगी आदि मौजूद थे।