कहा-केंद्रीय शिक्षा मंत्री और गृह मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। दिल्ली में जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को चमोली जिला कांग्रेस कमेटी ने गोपेश्वर नगर के तिराहे पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी ने कहा कि छात्र-छात्राओं पर पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई लोकतंत्र पर हमला है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री और गृह मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ऊषा रावत ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही महिलाओं और छात्राओं के साथ पुलिस ने क्रूरता दिखाई। इस दौरान नगर अध्यक्ष धीरेंद्र गरोड़िया, पीसीसी सदस्य अरविंद नेगी, आनंद सिंह पंवार, संदीप झिंक्वाण, कमल रतूड़ी, जिला प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी, गिरीश आर्य, कुंवर सिंह भंडारी, जिला प्रेस मीडिया प्रभारी गोविंद सजवाण, विजय हिंदवाल आदि मौजूद रहे।
छात्र भी प्रदर्शन में उतरे
गोपेश्वर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के एनएसयूआई के छात्रों ने कॉलेज गेट पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर दिल्ली में छात्र रैली के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवा परेशान हैं और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। इस मौके पर यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पुरोहित, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विपिन फरस्वाण, छात्र नेता किशन सिंह, अतुल राणा, सोहन, सुमित कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं नारायणबगड़ में असेड़ से क्षेत्र पंचायत सदस्य विपिन कुमार परिहार ने विकास भवन परिसर में धरना दिया। उन्होंने दिल्ली में छात्रों पर जो लाठी चार्ज हुआ उसकी घोर निंदा की। उन्होंने इस मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी र्रवाई करने की मांग की। संवाद
-
विरोध में केंद्र सरकार का पुतला फूंका
रुद्रप्रयाग। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय में विरोधस्वरूप मार्च निकालकर केंद्र सरकार पुतला दहन किया। साथ ही नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य नेताओं के साथ दुर्व्यवहार तथा छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेता लक्ष्मण रावत ने कहा कि छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण मार्च निकाला जा रहा था लेकिन सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया। पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि मामले में सरकार जवाबदेही से बच रही है। कांग्रेस नेता प्रदीप थपलियाल ने कहा कि छात्रों के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। प्रदर्शन करने वालों में जिला पंचायत सदस्य अजबीर भंडारी, पूर्व नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष राय सिंह बिष्ट, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप कंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी, जिला प्रवक्ता नरेंद्र बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य पवन कुमार, गणेश तिवारी, राजेंद्र नौटियाल, विनोद राणा आदि मौजूद रहे।