प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन, कहा बाईपास से खत्म हो जाएगा जोशीमठ का अस्तित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
जोशीमठ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से हेलंग-मारवाड़ी बाईपास को तुरंत बंद कराने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर कहा है कि इस बाईपास के बनने से जोशीमठ नगर का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा।
जोशीमठ नगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से भेजे ज्ञापन में कहा है कि नगर के लोग आपदा से पीड़ित हैं। इससे उबरने में उन्हें अभी काफी वक्त लगेगा। सदियों से बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी और औली का मुख्य पड़ाव जोशीमठ रहा है। जोशीमठ का अपना धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जोशीमठ में पर्याप्त सड़कें हैं, उन्हें दुरुस्त करके यात्रा को निर्बाध रूप से संचालित किया जा सकता है।
इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कमल रतूड़ी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष हरेंद्र राणा, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम फरस्वाण, नवनीत सती, देवेश्वरी शाह, शिखा कोठियाल, प्रदीप भट्ट, रजनीश पंवार, रघुवीर परमार आदि मौजूद रहे।