कर्णप्रयाग। सीएम पुष्कर सिंह धामी शौर्य महोत्सव के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए तल्ख दिखे। मामला बीते मंगलवार को रतगांव के ढाढ़रबगड़ में निर्माणाधीन बैली ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने का था। इस दौरान सीएम ने प्रदेश की अफसरशाही को दो टूक संदेश दिया कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हरिद्वार में भूमि के घोटाले में निलंबित आला अधिकारियों का उदाहरण देते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पहली बार किसी प्रदेश में आईएएस और आला अधिकारियों पर कार्रवाई हो रही है। अब तक भ्रष्टाचार के मामले में प्रदेश में 200 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी सहित अन्य पर कार्रवाई हो चुकी है। यही नहीं रतगांव के बैली ब्रिज के मामले में सीएम ने कहा कि इसमें तीन इंजीनियर सस्पेंड कर दिए गए हैं। बैली ब्रिज पर हुए पूरे खर्चे की वसूली संबंधित ठेकेदार से की जाएगी। सीएम ने कहा कि जनता के पैसे से विकास कार्य किए जाते हैं। ऐसे में इन पैसों का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सरकार कड़ा रुख अपनाएगी। संवाद