मेले की तैयारियों पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/पीपलकोटी। मैठाणा में 11 से 15 दिसंबर को होने वाले अलकनंदा पर्यटन सांस्कृतिक ग्रामीण कृषि विकास मेले को भव्य रूप देने का निर्णय लिया गया। कहा गया कि मेले का उद्घाटन सीएम पुष्कर सिंह धामी करेंगे। वहीं पीपलकोटी में बंड मेले के आयोजन पर भी चर्चा की गई।
पंचायत घर मैठाणा में थराली विधायक भूपालराम टम्टा की अध्यक्षता में हुई मेला समिति की बैठक में मेला संचालन, गोष्ठी, शिविर, सांस्कृतिक और खेल आयोजन पर चर्चा हुई। उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे ने लोनिवि के अधिकारियों को मेला मंच तक सड़क को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि मेला आयोजन में प्रशासन पूरी मदद करेगा। इस मौके पर मेला कमेटी के अध्यक्ष विक्रम सिंह बर्त्वाल, संरक्षक चंडी प्रसाद थपलियाल, तहसीलदार राकेश देवली, राकेश खनेड़ा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ऊषा रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नंदन सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे। इधर, पीपलकोटी में 20 से 26 दिसंबर तक होने वाले बंड मेले के आयोजन की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। सेमलडाला मैदान में हुई बैठक में आयोजन को लेकर चर्चा हुई। इस मौके पर संगठन के संरक्षक अतुल शाह, शंभू प्रसाद सती, महामंत्री हरीश पुरोहित, कोषाध्यक्ष ताजवर सिंह नेगी के साथ ही समस्त पदाधिकारी मौजूद रहे।