सीएम ने ग्वालदम में ली अधिकारियों की समीक्षा बैठक
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। सीएम पुष्कर धामी ने सोमवार को ग्वालदम में अधिकारियों की बैठक ली और चमोली जिले में अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों व आपदा राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बरसात में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम हिमांशु खुराना ने जिले में आपदा राहत कार्यों और अतिवृष्टि के कारण परिसंपत्तियों व फसलों को हुई क्षति के बारे में सीएम को अवगत कराया। बैठक में एसपी प्रमेंद्र डोबाल, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी आदि थे।
वहीं, बधाणगढी स्वायत्त सहायता समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को पहाड़ी उत्पादों की टोकरी भेंट की। सीएम ने महिला समूह के कार्यों की सराहना की। कहा कि राज्य सरकार की तरफ से स्वयं सहायता समूहों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता दी जा रही है। समूहों की ओर से तैयार किए जा रहे उत्पादों की अच्छी ब्रांडिंग, पैकेजिंग के साथ विपणन की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने पहाड़ी उत्पादों को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया। इस दौरान महिलाओं ने लाल चावल, मंडुवे का आटा, झंगोरा, तिलों का तेल, राजमा आदि पहाड़ी उत्पादों की टोकरी मुख्यमंत्री को भेंट की।