सफाई कर्मियों की हड़ताल से गौचर में गंदगी और कूड़े के ढेर लगे हैं। व्यापार संघ ने पालिका और तहसील प्रशासन से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई। सफाई कर्मियों ने मंगलवार को नारेबाजी कर मुख्य बाजार में प्रदर्शन किया। पालिका अध्यक्ष अंजू बिष्ट ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर चारों सभासदों पर स्वार्थों के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चारों सभासदों के विगत पांच बोर्ड बैठकों में उपस्थित न रहने से शासन से बजट अनुमोदित नहीं हो पाया है। ऐसे में वित्तीय संकट के कारण सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है। वहीं, सभासद अनिल नेगी ने कहा कि कर्मचारियों की समस्या के निदान के लिए हम चारों सभासद तैयार हैं, लेकिन पालिका अध्यक्ष की ओर से इस संबंध में हमसे वार्ता नहीं की जा रही है। व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने एसडीएम से समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।