संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणबगड़। डुंग्री गांव में आयोजित जय मां नागनी ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला दुर्गा स्पोर्ट्स क्लब चोपता ने जीता। चोपता ने जय मां नागनी क्लब डुंग्री को हराया।
सोमवार को टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डुंग्री की टीम ने निर्धारित ओवरों में 105 रन बनाए। लक्ष्य हासिल करने उतरे स्पोर्ट्स क्लब चोपता के बल्लेबाजों ने धुआंधार बैटिंग करते हुए 13वें ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर मुकाबला जीत लिया। चोपता के दिव्यांशु मैन ऑफ द मैच रहे। उन्होंने नाबाद 51 रन बनाए। टूर्नामेंट की विजेता टीम को 15 हजार और उपविजेता टीम को 8 हजार रुपये नकद धनराशि देकर सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द सीरीज का खिताब डुंग्री के हरेंद्र दानू को दिया गया। मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत, सरोप सिंह सिनवाल, मनबर सिंह गुसाईं, अनिल उनियाल, सौरभ, अनु सती आदि मौजूद थे।
कांसुवा में बेड़ी ने जीता फाइनल
आदिबदरी। कांसुवा में आयोजित स्व. केएस कुंवर मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में बेड़ी ने आली की टीम को 8 विकेट से हराया। आली ने निर्धारित 20 ओवरों में 60 रन बनाए। बेडी की टीम जब खेलने उतरी तो उसने 13 ओवरों में ही 2 विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल कर ली। बेडी की टीम के तीन विकेट लेने वाले व छक्का लगाने वाले लब्बू मैन ऑफ द मैच रहे। इस अवसर पर निवर्तमान प्रधान भूपेंद्र कुंवर, ललित नवानी, दीपक नेगी, कलम कोहली, वीवा खंडूड़ी, रघुनाथ ,कुंवर उपस्थित थे। संवाद