पीपलकोटी। थाना चमोली के अंतर्गत पीपलकोटी चौकी पुलिस ने हिमालयन चिल्ड्रन एकेडमी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दी। बच्चों को मोबाइल गेम के बजाय मैदान में होने वाले खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण ने कहा कि साइबर ठग ऑनलाइन गेम में रिवाॅर्ड, फ्री कॉइन, डायमंड समेत अन्य चीजों का झांसा देकर बच्चों से ठगी कर रहे हैं। फर्जी गेमिंग लिंक, वेबसाइट और ऐप के माध्यम से ओटीपी व यूपीआई संबंधी जानकारी हासिल की जा सकती है। उन्होंने बच्चों से अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करने और पासवर्ड व ओटीपी किसी से साझा न करने की अपील की। पुलिस ने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी भी दी। साथ ही आउटडोर खेलों से शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ने की बात कही।