बदरीनाथ विधायक की फेसबुक पोस्ट का स्क्रीन शॉट।
- फोटो : GOPESHWAR
बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक महेंद्र भट्ट की फेसबुक पोस्ट से चमोली जिले की सियासत में सरगर्मी तेज हो गई है। विधायक ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को बदरीनाथ विधानसभा से चुनाव लड़ने का निमंत्रण दिया है।
बृहस्पतिवार सुबह से जिले में इस बात को लेकर सुगबुगाहट हो रही थी कि मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को पार्टी बदरीनाथ विधानसभा सीट से चुनाव लड़वा सकती है। इसी बीच विधायक महेंद्र भट्ट ने अपनी फेसबुक पर एक पोस्ट डाली। उसमें लिखा कि मुख्यमंत्री से उनके आवास पर जाकर मुलाकात कर बधाई दी साथ ही बदरीनाथ विधानसभा से चुनाव लड़ने का निमंत्रण भी दिया। हालांकि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे यह निर्णय बाद में होगा। हालांकि महेंद्र भट्ट नए मंत्रिमंडल की दौड़ में भी शामिल बताए जा रहे हैं। अब देखना होगा कि क्या मुख्यमंत्री विधायक के निमंत्रण को स्वीकार कर बदरीनाथ विधानसभा का रुख करते हैं या उनकी पसंद कहीं कोई और सीट होती है।