आयुष्मान योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उपजिला अस्पताल कर्णप्रयाग के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव शर्मा और उनकी पत्नी डॉ. उमा शर्मा को उत्कृष्ट सेवा सम्मान से नवाजा। इस पुरस्कार के लिए उत्तराखंड के 13 अस्पताल चुने गए थे, जिसमें एम्स ऋषिकेश अस्पताल भी शामिल है।
डॉ. हरीश थपलियाल ने बताया कि चमोली जिले के कर्णप्रयाग अस्पताल में 1992 से सेवाएं दे रहे सर्जन डॉ. राजीव शर्मा को पिछले साल नई दिल्ली में स्कॉच अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा वे यूथ आईकन सहित राष्ट्रीय कार्यक्रमों में कई बार सम्मानित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत उपजिला चिकित्सालय में डॉ. शर्मा ने विभिन्न जटिल शल्य चिकित्सा की है, जो चमोली जैसे अति दुर्गम जिले में आसान नहीं है। डॉक्टर दंपती को सम्मानित करने पर कर्णप्रयाग अस्पताल के डॉ. बीएस भंडारी, डॉ. भगवती पुरोहित, डॉ. मनोज मिश्रा, डॉ. हरीश थपलियाल, डॉ. अनुज सैनी, डॉ. मयंक, डॉ. उबेद, डॉ. अनामिका, डॉ. अनुराधा, सीएस नौटियाल, एसडी देवराड़ी आदि ने खुशी जताई।