बीटेक कॉलेज में तीन दिवसीय युवा महोत्सव ऊर्जा 2024 का समापन
विभिन्न प्रतियोगिता के विजेताओं को तकनीकी विवि के कुलपति ने किया पुरस्कृत
- डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम हाउस रहा ओवरऑल विजेता
संवाद न्यूज एजेंसी
चमोली/गोपेश्वर। उत्तराखंड प्राेद्यौगिकी विश्वविद्यालय के परिसर संस्थान गोपेश्वर बीटेक कॉलेज के तीन दिवसीय युवा महोत्सव ऊर्जा 2024 में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम हाउस की टीम ओवरऑल विजेता रही। वहीं मिस्टर ऊर्जा का खिताब मैकेनिकल इंजीनियरिंग के अमर पराशन और मिस ऊर्जा का खिताब कंप्यूटर इंजीनियरिंग की चंचल चौहान को दिया गया।
महोत्सव के समापन पर तकनीकी विश्वविद्यालय देहरादून के कुलपति प्रो. ओंकार सिंह ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया। यहां आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में सर मोक्षगुण्डम विश्वेश्वरय्या हाउस से पंकज की टीम विजेता रही। कबड्डी पुरुष वर्ग में मोक्षगुण्डम हाउस से सूर्यकांत की टीम और महिला वर्ग में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम से तनीषा की टीम विजेता रही। वॉलीबाल में सर मोक्षगुण्डम हाउस से उत्कर्ष की टीम, सांस्कृतिक प्रतियोगिता के लोकनृत्य में सर मोक्षगुण्डम हाउस से मयंक की टीम, नाटक में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम हाउस से रजत की टीम, कविता पाठ में सर जेसी बोस हाउस से जयदीप उनियाल, रील मेकिंग में सर मोक्षगुण्डम से सपना व देवाशीष, फोटोग्राफी में मोक्षगुण्डम हाउस से निखिल और देवाशीष की टीम विजेता रही। इस दौरान संस्थान के निदेशक प्रो. अमित अग्रवाल, कुलसचिव संदीप कंडवाल, अधिष्ठाता अरुण नेगी, खेल समन्वयक सूरज सिंह, मीनू चिनवाण आदि मौजूद रहे।