राज्य स्थापना दिवस पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में चार दिवसीय राज्य आमंत्रण हॉकी प्रतियोगिता शुरू हो गई। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन मैच में चंपावत की टीम ने कोटद्वार को 3-1 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में देहरादून, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, रुद्रपुर (यूएस नगर), पिथौरागढ़, पौड़ी, उत्तरकाशी, हरिद्वार और नरेंद्रनगर (टिहरी) की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
शनिवार पूर्वाह्न ग्यारह बजे से प्रतियोगिता शुरू हुई। इसके बाद चंपावत और कोटद्वार की टीम के बीच मुकाबला हुआ। शुरुआत से ही चंपावत की टीम कोटद्वार के खिलाड़ियों पर हावी रही। चंपावत ने कोटद्वार को 3-1 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से सचिन बिष्ट ने 12वें मिनट में मनीष बिष्ट ने 27वें और ललित ने 44वें मिनट में एक-एक गोल दागे। जबकि उपविजेता टीम की ओर से एकमात्र गोल सौरभ ने सातवें मिनट में किया।
द्वितीय मैच देहरादून और उत्तरकाशी की टीम के बीच खेला गया, जिसमें देहरादून ने 3-0 से जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से पंकज, हरीश व अंकित ने 22वें, 25वें और 26वें मिनट में एक-एक गोल किए, जबकि उपविजेता की ओर से कोई भी खिलाड़ी गोल नहीं कर पाए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी मोहन सिंह बर्निया, जिला क्रीड़ाधिकारी गिरीश कुमार, बागेश्वर के उप क्रीड़ाधिकारी जुवैद अहमद, उत्तराखंड वॉलीबाल एसोसिएशन के महासचिव हेम पुजारी, अशोक रावत, दिनेश तिवारी, बीएस चौधरी, केसी पंत, शैलेंद्र पंवार, अजर अहमद, नवीन कुंवर, अजीत सिंह आदि मौजूद थे।