पीएम धन धान्य योजना के तहत देश के 100 जिलों में चमोली भी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/कर्णप्रयाग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली में पीएम धन धान्य योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत चयनित देश के 100 जिलों में चमोली को भी शामिल किया गया है। जिला पंचायत सभागार में पीएम मोदी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया साथ ही चिंतन शिविर भी लगाया गया। डीएम ने कहा कि चमोली के कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय इंडेक्स तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने कहा कि इस योजना से सीमांत क्षेत्र के किसानों में भी उम्मीद की किरण जगी है। योजना के संचालन से चमोली जिले के काश्तकारों को अपनी आर्थिकी को मजबूत करने का अवसर मिलेगा। डीएम संदीप तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि उत्पाद को बढ़ाने और किसानों की आय को मजबूत करने के लिए पीएम धन धान्य योजना और दलहन आत्मनिर्भर अभियान का शुभारंभ किया है। अब जिला प्रशासन जिले के किसानों की आय में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करेगा। जिले के कृषि उत्पाद को राष्ट्रीय इंडेक्स तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर परियोजना निदेशक आनंद भाकुनी, मुख्य उद्यान अधिकारी नितेंद्र सिंह, भेषज संघ के सचिव विवेक कुमार, पशुपालन विभाग के डॉ. पुनीत भट्ट आदि मौजूद रहे। वहीं कर्णप्रयाग में ब्लॉक सभागार में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। खंड विकास अधिकारी विजय प्रसाद पुरोहित, ब्लाॅक प्रमुख दीपिका मैखुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से काश्तकारों की आय बढ़ाने के लिए की गई सराहनीय योजना से काश्तकार लाभान्वित होंगे। क्षेत्रीय कृषि अधिकारी राजेंद्र गुसाईं ने भी विचार रखे।