गोपेश्वर। चमोली पुलिस का सबसे विश्वसनीय जासूस ‘एक्सप्लोसिव डिटेक्शन डॉग रॉकी’ की 11 साल की उम्र में मौत हो गई। वह लंबे समय से बीमार था।
रॉकी 2016 में चमोली पुलिस का हिस्सा बना था। कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे रॉकी को उपचार के लिए पशु चिकित्सालय गौचर और देहरादून तक ले जाया गया। उसकी हालत बिगड़ने पर लुधियाना तक ले जाया गया लेकिन कैंसर और मल्टी आर्गन फेलियर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे रॉकी को बचाया नहीं जा सका। बुधवार को पुलिस लाइन देहरादून में आईपीएस कुश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने रॉकी को राजकीय सम्मान के साथ शोक सलामी देकर विदा किया। एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि रॉकी ने चमोली पुलिस में रहते हुए अतुलनीय सेवा दी है। वीवीआईपी ड्यूटी, बदरीनाथ धाम की सुरक्षा, महाकुंभ, अर्द्धकुंभ, कांवड़ यात्रा, विधानसभा सत्र जैसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया।