ग्राम पंचायत सलना, जौररासी भेरिया और चंद्रशिला कांडई में कई मवेशी खुरपका रोग से पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र गांवों में पशु चिकित्सकों की टीम भेजने की मांग उठाई। गांवों में दुधारू गाय, बैल, बकरी और बछड़ों में खुरपका रोग तेजी से फैल रहा है। रोग के अन्य गांवों के मवेशियों में भी फैलने की आशंका बनी है। जौरासी गांव के ग्राम प्रधान विनोद लाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी, कांडई के ग्राम प्रधान नवीन राणा, रडुवा के प्रधान प्रदीप बर्त्वाल ने बताया कि खुरपका रोग के कारण मवेशी चारा भी नहीं खा रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी सहित मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को ज्ञापन भेजकर शीघ्र प्रभावित गांवों में पशु चिकित्सकों की टीम भेजने की मांग उठाई। इधर, पशु चिकित्सक डा. सिद्धार्थ खत्री ने बताया कि प्रभावित गांवों में दवाइयां बांटी गई हैं। उन्होंने गोशालाओं के आसपास साफ-सफाई रखने का आह्वान किया।