बिना सूचना के हेमकुंड साहिब गए दो विदेशी सहित तीन पर्यटकों में से सिर्फ एक ही भारतीय पर्यटक के खिलाफ गोविंदघाट थाना पुलिस ने महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जबकि दोनों विदेशियों से सिर्फ जुर्माना वसूला जाएगा। एक विदेशी व एक भारतीय को हेमकुंड साहिब से रेस्क्यू कर गोविंदघाट थाने में लाया गया है।
15 जून को पुलिस को चकमा देकर बिना बताए फ्रांस निवासी मैथ्यू, स्लोवानिया निवासी अलजोशा और चंडीगढ़ निवासी हरप्रीत हेमकुंड साहिब ट्रेक पर चले गए थे, जबकि कोरोना महामारी के चलते हेमकुंड साहिब की यात्रा और फूलों की घाटी आवाजाही के लिए बंद है। 17 जून को मैथ्यू वापस गोविंदघाट आ गया था, जबकि अलजोशा व हरप्रीत घांघरिया और हेमकुंड साहिब में घूमते रहे। जब मैथ्यू का इन दोनों से कोई संपर्क नहीं हो पाया तो 24 जून को उसने इसकी जानकारी गोविंदघाट थाने को दी, जिस पर 25 जून को एसडीआरएफ और पुलिस की 10 सदस्यीय टीम हेमकुंड साहिब ट्रेक के लिए रवाना हुई। उन्हें अलजोशा व हरप्रीत हेमकुंड साहिब में मिले। दोनों को रेस्क्यू कर घांघरिया लाया गया और 26 जून को दोपहर में करीब एक बजे उन्हें गोविंदघाट थाने में लाया गया। पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि हरप्रीत के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा, जबकि दोनों विदेशियों से जुर्माना वसूला जाएगा।