थाला बैंड के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष डीएस पंवार ने बताया कि शाम करीब 4 बजे देवराड़ा निवासी नंदन सिंह (40) पुत्र चंदर सिंह निवासी देवराड़ा पत्नी मंजू देवी (35) के साथ कार में ग्वालदम से थराली की तरफ आ रहा था। इसी दौरान उनकी कार थाला बैंड के पास अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिरकर झाड़ियों में अटक गई। आसपास के लोगों ने यह देखा तो घटना की सूचना थाना थराली को दी। पुलिस ने बताया कि कार चालक नंदन सिंह की मौके पर मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी मंजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से मंजू देवी को खाई से निकालकर सीएचसी थराली पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण बैंड पर ज्यादा स्पीड होना और ब्रेक न लगना लग रहा है।