गोपेश्वर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उत्तराखंड पब्लिक स्कूल में संकल्प: नशामुक्त देव भूमि विषय पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने नाटक के माध्यम से नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हर नशा बर्बादी का पैगाम है, देव भूमि को नशे से बचाना है....गीत से उन्होंने नशामुक्ति का संदेश दिया। इस दौरान भाषण और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ। निबंध में छठवीं कक्षा की आस्था नेगी ने प्रथम, अर्शिया कुंवर ने द्वितीय और श्रीयांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सातवीं कक्षा में नयन रावत, स्नेहा नेगी व गुंजन रावत व आठवीं कक्षा में दृष्टि रौतेला, अरुण राणा और अंकित पंवार ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि भाषण में नयन रावत ने पहले, अर्शिया दूसरे, प्रिया व गुंजन ने संयुक्त रुप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। सिविल जज (सीनियर डिवीजन) रविप्रकाश ने अव्वल छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को नशा मुक्त उत्तराखंड बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस मौके पर विद्यालय के संस्थापक फकीर सिंह रावत, थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, पीटीए अध्यक्ष गोविंद सिंह, संरक्षक शिव सिंह नेगी, प्रधानाचार्य अरुणा रावत, बाल भवन क निदेशक विनोद रावत, अनीता नेगी, लक्ष्मी सेमवाल, पूनम गैरोला, बबीता फरस्वाण, संतोषी बहुगुणा, कविता नेगी, अंजना रावत, पूजा रावत, रेखा रावत आदि मौजूद थे। संचालन शिक्षिका रजनी खत्री ने किया।
तंबाकू युक्त उत्पादों से मुक्त रहने की अपील
उत्तरकाशी। राजकीय महाविद्यालय के पुरीखेत परिसर स्थित बीएड विभाग में सोमवार को तंबाकू मुक्ति को लेकर गोष्ठी का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. हर्षवंती बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित इस गोष्ठी में छात्र छात्राओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों एवं इससे बचने के उपायों की जानकारी दी गई। इस दौरान डॉ. सचिव पर्व ने कहा कि तंबाकू युक्त उत्पादों का सेवन करने से व्यक्ति को कैंसर सहित कई अन्य बीमारियां होने का खतरा होता है, जिससे उक्त व्यक्ति के साथ ही उसके पूरे परिवार को भी कष्ट झेलना पड़ता है। इसलिए सभी लोगों को तंबाकू युक्त उत्पादों के सेवन से बचना चाहिए। हालांकि जागरूकता के अभाव में आज भी कई लोग खासकर युवा वर्ग इस गलत आदत का आदि हो रहा है। वहीं डॉ. डीडी पैन्यूली ने कहा कि औचक निरीक्षण के दौरान कई बार महाविद्यालय कैंपस के आसपास तंबाकू उत्पाद के खाली रैपर मिलते हैं। उन्होंने सभी छात्रों से इस बुरी आदत को छोड़ने की अपील की। साथ ही अपनी ऊर्जा खेल कूद, योग आदि सकारात्मक गतिविधियों में प्रयोग करने की नसीहत दी। ताकि उनका मन व तन स्वस्थ रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों को तंबाकू मुक्त भारत का निर्माण करने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर मनोज बहुगुणा, डॉ. डीके सिंह, पंकज पंत, डॉ. कमल बिष्ट आदि लोग मौजूद रहे।