विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में डीएम स्वाति एस भदौरिया ने पौधे लगाकर और प्लास्टिक का प्रयोग न करके पारिस्थितिकी तंत्र को बचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे तभी पर्यावरण का संरक्षण हो सकेगा।
कुंड कॉलोनी स्थित शहीद पार्क और वन चेतना केंद्र के परिसर में डीएम ने पौधरोपण किया। इस दौरान केदारनाथ वन प्रभाग के डीएफओ अमित कंवर ने कहा कि इस साल पारिस्थितिकी तंत्र बहाली थीम पर वृहद पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। वहीं वन विभाग ने मंडल-चोपता रोड पर प्लास्टिक कचरे को साफ किया और कांचुला खर्क में पौधे लगाए। इस दौरान बदरीनाथ डीएफओ आशुतोष सिंह, डीएफओ अलकनंदा सर्वेश कुमार दुबे, आरओ भारती मैठाणी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं संकल्प अभियान के अंतर्गत जीआईसी बैरागना में आंवले और अनार के पौधे लगाए गए। इस दौरान प्रधानाचार्य किशन सिंह बड़वाल, मनोज तिवारी, राकेश सेमवाल, महावीर राणा और अशोक राणा मौजूद रहे।
वहीं मंगरोली गांव में सभासद आनंद झिंक्वाण के नेतृत्व में नगर पंचायत अध्यक्ष डा. हिमानी वैष्णव के साथ ही नगर पंचायत के अधिकारी कर्मचारियों ने पौधरोपण किया। इस दौरान मंगरोली गांव में अध्यक्ष ने बच्चों को मास्क और किताबें भी बांटीं।
पर्यावरण प्रकृति पर्यटन विकास मेले का नहीं हुआ आयोजन
जोशीमठ। ग्राम पंचायत भरकी में जनदेश स्वैच्छिक संगठन घाटी और ग्राम पंचायत के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस दौरान गौरा देवी के चित्र पर फूल अर्पित करते हुए उन्हें याद किया गया। कोरोना के चलते इस साल पर्यावरण प्रकृति पर्यटन विकास मेले का आयोजन नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने सूक्ष्म रूप से ही गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान हुई प्रतियोगिता में बाल पंचायत के दिग्विजय, जयकृष्ण, रोहित अरमान, देवेश, कोमल, विनीता, प्रियांशी, स्नेहा आदि बच्चों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान ग्राम प्रधान मंजू देवी, उप प्रधान आरती मौजूद रहे।
कोरोना से मरने वालों की याद में रोपे औषधीय पौधे
देवाल/थराली/कर्णप्रयाग/आदिबदरी। कोरोना से मरने वालों की याद में सूया गांव में पर्यावरण मित्र बलवंत बिष्ट, सरपंच यशोदा बिष्ट ने औषधीय पौधे रोपे। इस दौरान पर्यावरणविद् सुंदर लाल बहुगुणा को श्रद्धांजलि देकर उनके योगदान को याद कर वनों को बचाने का संकल्प लिया।
थराली में एसडीएम सुधीर कुमार एवं तहसीलदार रवि शाह ने तहसील परिसर के चारों तरफ पौधे रोपे। लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता सतवीर यादव ने कार्यालय परिसर में, अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग ने पौधे लगाए। वहीं कर्णप्रयाग, नौटी, सिमली, रतूड़ा, नारायणबगड़ व डिम्मर के टटेश्वर महादेव मंदिर में भी पौधरोपण किया गया। मौके पर क्षेपंस संदीप डिमरी, प्रधान राखी डिमरी, महंत योगेशानंद महाराज. रविंद्र खंडूड़ी, संदीप डिमरी, भास्करानंद डिमरी मौजूद थे।
आदिबदरी के ढमक नगली में ग्रामीणों ने फलदार व चारापत्ती वाले पौधे रोपे। इस दौरान हुई पर्यावरण गोष्ठी में भरत रावत, त्रिलोक विष्ट, विजय रावत, अनूप कठैत ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण की जरूरत बताई। आदिबदरी में पुलिस ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। एसआई पंकज कुमार, सुशील कुमार ने लोगों को पौधे वितरित किए। भलसों गांव में आनंद नेगी के नेतृत्व में बच्चों ने पौधरोपण किया। संवाद
जल, जंगल, जमीन को बचाने का संकल्प
नारायणबगड़। विश्व पर्यावरण दिवस पर अलकनंदा वन प्रभाग असेड़ सिमली के रेंजर हरीश थपलियाल, पश्चिमी पिंडर रेंज बदरीनाथ वन प्रभाग के वन क्षेत्राधिकारी जुगल किशोर चौहान आदि की ओर से बदरीनाथ वन प्रभाग मुख्यालय के समीप बंजर पड़ी भूमि पर पौधे लगाए गए। इस दौरान सभी ने जल, जंगल, जमीन को बचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डिप्टी रेंजर कैलाश रावत, सरपंच संगठन के ब्लाक अध्यक्ष भगवती सती, बीएमएम हेमंत सती, रक्षित सती, हरीश सती, वन दरोगा शिवसिंह टोडरियाल आदि मौजूद रहे।