पांच दिन से लापता व्यापारी का शव पुलिस ने मंगलवार को अलकनंदा नदी किनारे से बरामद किया। पुलिस के अनुसार मामला सुसाइड का लग रहा है। हालांकि अभी तक पुलिस कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
चमोला निवासी 52 वर्षीय विनोद मिश्रा (पुत्र बासवानंद) 25 दिसंबर सुबह छह बजे से घर से लापता था। उसकी गुमशुदगी की शिकायत मंगलवार को मृतक के भाई समीर ने थाने में की।
मंगलवार को पुलिस की जांच शुरू हुई तो दोपहर करीब एक बजे गौचर रोड पर गलनाऊ के समीप अलकनंदा किनारे पानी में एक शव देखे जाने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद थाना प्रभारी प्रदीप राठौर पुलिस बल और एसडीआरएफ के साथ मौके पर पहुंचे और शव पानी से निकाला।
राठौर ने बताया कि शव पर किसी चोट के निशान नहीं हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।