बदरीनाथ यात्रा पर आई थी यूपी की महिला यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
गौचर। मेला मैदान के किनारे लेटी महिला तीर्थयात्री के ऊपर बस का अगला टायर चढ़ जाने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में और बस को कब्जे में ले लिया।
चारधाम यात्रा मार्ग पर रात दस बजे से सुबह चार बजे तक यात्री वाहनों के संचालन की अनुमति न होने से पुलिस की ओर से वाहनों को मेला मैदान में खड़ा कराया जा रहा है। इसी के तहत बदरीनाथ की यात्रा पर जा रही दो बसों को भी मैदान में खड़ा कराया गया था। बुधवार सुबह चार बजे जैसे ही यात्री बसों को रवाना किया गया तो मैदान किनारे लेटे श्रद्धालुओं में से एक महिला तीर्थयात्री पर बस का अगला टायर चढ़ गया। इससे वहां चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना पर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। कोतवाली के थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल एवं पुलिस चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह गुसाईं ने बताया कि बस की चपेट में आने के बाद राजकुमारी (67) पत्नी शशिकांत निवासी पचोखरा गाजीपुर उत्तर प्रदेश को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया लेकिन रास्ते में ही महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक मितेश कुमार मोदी निवासी सुरमे बंगला गांधीनगर गुजरात हिरासत में ले लिया और यात्री बस को कब्जे में लेकर यात्रियों को अन्य बस से बदरीनाथ धाम के लिए रवाना किया गया।