भराड़ीसैंण में विधायक निवास और विधानसभा भवन का निर्माण कार्य मार्च 2016 से पहले पूरा कर लिया जाएगा। विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. अनुसूया प्रसाद मैखुरी ने कहा कि मार्च में होने वाला बजट सत्र भराड़ीसैंण के अपने विधानसभा भवन में होगा।
सोमवार को भराड़ीसैंण पहुंचे डा. मैखुरी ने वार्ता में बताया कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी और देहरादून को शीतकालीन राजधानी बनाने की पुरजोर पैरवी की गई है। जब तक सरकार दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों की समस्याओं और यहां रहने वाले ग्रामीणों की तकलीफों से वाकिफ नहीं होगी, तब तक पहाड़ी गांवों के विकास को गति नहीं मिलेगी।
सरकार के गैरसैंण में बैठने पर ही यह संभव होगा। उन्होंने बताया कि 30 विधायक आवासों का निर्माण नवंबर में पूरा कर दिया गया था, जबकि अन्य का निर्माण भी अंतिम दौर में है।
विधानसभा भवन का निर्माण भी जल्द पूरा होगा। भराड़ीसैंण में सड़क, पानी और बिजली का काम पूरा कर हेलीपैड भी बनाए गए हैं। यही नहीं अन्य ढांचागत सुविधाएं भी जुटाई जा रही हैं।
डा. मैखुरी ने नवंबर के गैरसैंण सत्र में हंगामे का ठीकरा विपक्ष के सिर फोड़ा और कहा कि भाजपा का पहाड़ के विकास प्रति रुख साफ नहीं रहा, जिसके चलते राज्य गठन के बाद बनी भाजपा सरकार ने राजधानी के मसले को लटकाया। अब कांग्रेस की सरकार गैरसैंण में ढांचागत व्यवस्थाएं सुदृढ़ कर रही है तो भाजपा यहां सदन ठप कर रही है।