ब्लाक पोखरी की 72 ग्राम पंचायतों को जिला मुख्यालय गोपेश्वर से जोड़ने वाला पोखरी-हापला-गोपेश्वर मार्ग बदहाल बना है। जनप्रतिनिधियों ने आक्रोश जताते हुए ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने पीएमजीएसवाई से संबंधित ठेकेदार का बांड निरस्त करने की भी मांग की।
ब्लॉक प्रमुख प्रीती भंडारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत नेगी, संतोष नेगी, माहेश्वरी रावत, रडुवा के प्रधान प्रदीप बर्तवाल, पूर्व प्रधान गजेंद्र नेगी, जौरासी के प्रधान विनोद लाल, ज्येष्ठ उपप्रमुख पूरण नेगी, भाकपा के स्टेट काउंसिल नरेंद्र रावत ने कहा कि पोखरी से देवखाल तक सड़क पर कई जगह पुश्ते टूटे हैं और सड़क पर मिट्टी-पत्थर आने से वाहन चलना जोखिम भरा बना है। पानी की निकासी के लिए नाली नहीं बनने से बरसात में जगह-जगह डामरीकरण उखड़ चुका है। बगथल, सलना, रैसू, अंधेरगड़ी, कोलगड़ में सड़क खतरनाक बनी है। हर दिन सैकड़ों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, जिससे यहां हादसे का खतरा बना है। उन्होंने पीएमजीएसवाई से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।