पति और बेटी घायल, बदरीनाथ से दर्शन कर लौट रहा था परिवार
बदरीनाथ हाईवे पर पातालगंगा के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ हाईवे पर पातालगंगा के पास हरियाणा के यात्रियों की कार पर बोल्डर गिर गया। हादसे में महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई जबकि महिला का पति और दस वर्षीय बेटी घायल हो गई उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।
हरियाणा के फतेहाबाद से अंकित पत्नी शिल्पा (36) और 10 वर्षीय बेटी ख्वाहिश के साथ बदरीनाथ धाम दर्शन करने आए थे। सोमवार को वे लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे उनकी कार ने जैसे ही पातालगंगा सुरंग को पार किया तभी पहाड़ी से बोल्डर उनकी कार पर गिर गया और कार का एक तरफ का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में शिल्पा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अंकित और ख्वाहिश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर ज्योतिर्मठ पुलिस व एसडीआरएफ मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि वाहन में तीन लोग ही सवार थे। दुर्घटना के बाद करीब आधा घंटा तक हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद रही।
इंसेट
तबीयत बिगड़ने से दो लोगों की मौत
गोपेश्वर। रुद्रनाथ और बदरीनाथ यात्रा पर जा रहे दो लोगों की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। चतुर्थ केदार रुद्रनाथ की यात्रा पर जा रहे नितिन नेगी (32) पुत्र भूपेंद्र सिंह, निवासी विंगर, उडामांडा, चमोली निवासी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथी की सूचना पर गोपेश्वर थाने से मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने नितिन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद नितिन का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा पर जा रहे 70 तीर्थयात्रियों के जत्थे में शामिल सुब्रमणी (71) निवासी 1045 बी शक्तिनगर पोरिपरपाकम, 6 स्ट्रीट, आजीयम जिला चेन्नई तमिलनाडू की पीपलकोटी में तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। संवाद