बदरीनाथ हाईवे के अवरुद्ध होने से बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर जा रहे कई तीर्थयात्रियों का यात्रा शेड्यूल भी बिगड़ गया है। जिन तीर्थयात्रियों की ओर से रात्रि विश्राम के लिए जोशीमठ, गोविंदघाट और बदरीनाथ के होटलों में एडवांस बुकिंग की गई थी, उन्हें यात्रा पड़ावों के होटलों में ही रात गुजारनी पड़ रही है।
गुजरात से अपने परिवार के साथ बदरीनाथ की यात्रा पर आए मोहन कुमार क्षेत्री का कहना है कि बदरीनाथ में होटल में रविवार रात के लिए दो कमरे एडवांस बुक किए गए थे, लेकिन हाईवे अवरुद्ध होने से अब देर रात को जोशीमठ तक ही पहुंचा जा सकता है, जिससे यात्रा शेड्यूल बिगड़ गया है।
दिल्ली के सुबोध शर्मा, कन्हैया प्रसाद और जमुना प्रसाद का कहना है कि उन्हें रात्रि विश्राम के लिए गोविंदघाट जाना था, लेकिन हाईवे बंद होने से उन्हें अब समीप के होटलों में ही रुकना पड़ेगा।