भारतीय जनता पार्टी से बगावत कर कर्णप्रयाग विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे टीका प्रसाद मैखुरी का चुनाव प्रचार करने पर भाजपा ने दो महिला कार्यकर्ताओं को पार्टी से छह साल के लिए निष्काषित कर दिया है। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी ने कहा कि महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष जानकी डिमरी और पूर्व नगर महिला मोर्चा अध्यक्ष कमला रतूड़ी को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने पर छह साल के लिए निष्काषित किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुशासित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां बगावत करने वालों को पार्टी से सीधे निष्काषित किया जा रहा है। अब शांति गुसाईं को भाजपा महिला मोर्चा का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, जानकी डिमरी और कमला रतूड़ी डेढ़ दशकों से अधिक समय से भाजपा से जुड़ी थीं और उनका पार्टी में बड़ा दबदबा था।