पशुपालन विभाग और सघन कुक्कुट विकास प्रायोजना अलर्ट मोड पर
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। बर्ड फ्लू को लेकर पशुपालन विभाग और सघन कुक्कुट विकास प्रायोजना अलर्ट मोड पर है। विभागों की संयुक्त टीम की ओर से विभिन्न पोल्ट्री फार्मों से सैंपल लिए जा रहे हैं। विभाग के अधिकारियों के अनुसार हालांकि जिले में अभी तक बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है लेकिन एहतियातन के तौर पर विभाग अपनी तैयारी में जुटा है। सैंपलिंग के साथ डॉक्टरों की ओर से फार्म संचालकों को जागरूक भी किया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को पशुपालन विभाग की टीम ने कर्णप्रयाग के सेम, सिमली आदि स्थानों में स्थित पोल्ट्री फार्माें में जाकर मुर्गियों के सैंपल लिए। सैंपलिंग के साथ पोल्ट्री कारोबारियों और ग्रामीणों को बर्ड फ्लू से बचाव के उपाय भी बताए जा रहे हैं। टीम ने पोल्ट्री फार्मों के संचालकों को बीमार या मृत मुर्गियों की सूचना तुंरत विभाग को देने, पोल्ट्री फार्माें में प्रयोग करने वाले उत्पादों के इस्तेमाल पर भी सावधानी बरतने के निर्देश दिए। जिला पशुपालन अधिकारी डाॅ. असीम अहमद ने बताया की फिलहाल जिले में कोई मामला नहीं आया है। पशुपालन विभाग पूरे जिले में नजर बनाए हुए है।