बीस मीटर हिस्से में नहीं हो पाया बदरीनाथ हाईवे का चौड़ीकरण
यात्रा के दौरान लग जाता है जाम, तीर्थयात्री होते हैं परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर बिरही चट्टान ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य में रोड़ा अटका रही है। चट्टान पर हिल कटिंग न होने से करीब 20 मीटर हिस्से में हाईवे बेहद संकरा है। यहां चारधाम यात्रा के दौरान जाम लग जाता है जिससे तीर्थयात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। चट्टान से पत्थरों की रोकथाम के लिए फिलहाल कार्यदायी संस्था एनएचआईडीसीएल की ओर से लोहे की जाल बिछाई गई है।
बदरीनाथ हाईवे के अधिकांश क्षेत्रों में ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य पूरा हो गया है। मगर कुछ चट्टानी भाग पर काम करना एनएचआईडीसीएल के लिए परेशानी का सबब बना है। बिरही में ऊपर से चट्टान तो नीचे अलकनंदा नदी बह रही है इससे यहां हाईवे पर कार्य करना मुश्किल बना हुआ है। चारधाम यात्रा में हाईवे पर डामर बिछाकर वाहनों की आवाजाही करवाई गई मगर हाईवे संकरा होने से बार-बार जाम लग रहा है। इसके अलावा चमोली चाड़ा और क्षेत्रपाल के पास भी चट्टानी क्षेत्र होने के कारण चौड़ीकरण कार्य लंबित पड़ा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी और बंड विकास संगठन के पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह का कहना है कि यात्रा संपन्न होने के बाद चट्टान पर कार्य किया जा सकता है। दो साल पहले चट्टान के एक हिस्से पर कटिंग तो की गई मगर आधी-अधूरी कटिंग कर छोड़ दिया गया। वहीं एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलते ही बिरही और चमोली चट्टान पर चौड़ीकरण कार्य शुरू किया जाएगा। जल्द इन जगहों पर हाईवे दुरुस्त कर दिया जाएगा।