कर्णप्रयाग-ग्वालदम मार्ग पर कुलसारी के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर खेतों में जा रही। हादसे में दो युवक घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
थराली के थानाध्यक्ष डीएस पंवार ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर में दो युवक बाइक से नारायणबगड़ से थराली की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कुलसारी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खेतों में जा गिरी, जिससे बाइक पर सवार सचिन चमोला (19) पुत्र गोविंद प्रसाद चमोला और उमेश चमोला (23) पुत्र बुद्धिबल्लभ चमोला, निवासी-सालपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को सीएचसी थराली में भर्ती कराया गया। सीएचसी थराली के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवनीत चौधरी ने बताया कि घायलों की गंभीर स्थिति और अंदरूनी चोटों की जांच के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।