चंडी प्रसाद भट्ट ने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण की दी जानकारी
-जीआईसी रडुवा के छात्र-छात्राओं ने गोपेश्वर क्षेत्र में किया शैक्षिक भ्रमण
पोखरी। अटल उत्कृष्ट विद्यालय जीआईसी रडुवा चांदनीखाल के छात्र-छात्राएं शनिवार को शैक्षिक भ्रमण पर गोपेश्वर पहुंचे। उन्होंने प्रख्यात पर्यावरणविद चंडी प्रसाद भट्ट के आवास पर जाकर पर्यावरण संरक्षण की बारीकियां जानी। प्रधानाचार्य संजय कुमार के नेतृत्व में कक्षा नौ और 10वीं के छात्र-छात्राओं ने गोपेश्वर क्षेत्र के मंडल स्थित जड़ी बूटी शोध संस्थान में जाकर कई तरह की जानकारी हासिल की। संस्थान के विशेषज्ञों ने जड़ी बूटी के उत्पादन, उपयोग की जानकारी दी। बैरागना स्थित ट्राउट फिश सेंटर का भी भ्रमण कर मत्स्य पालन के बारे में जाना। छात्र-छात्राओं ने पर्यावरणविद् स्व. मुरारी लाल द्वारा बैरागना में विकसित किए गए मिश्रित वन का भी भ्रमण किया। वहां से छात्र-छात्राएं पर्यावरणविदद् चंडी प्रसाद भट्ट के आवास पर मिलने गए। चंडी प्रसाद भट्ट ने उन्हें पर्यावरण संरक्षण, वनों की रक्षा और सतत विकास से जुड़े विषयों के बारे में बताया। इस मौके पर नोडल अधिकारी संदीप कुमार, डीपी कुमेड़ी, सत्यप्रकाश किमोठी, योगेंद्र सिंह राणा, शोभा जोशी, योगिता कंडारी, नवीन प्रकाश नेगी, वीरू सैलानी आदि मौजूद रहे।