- पीपलकोटी और गोपेश्वर में भालू की दहशत जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पीपलकोटी/गोपेश्वर। चमोली जनपद में भालू की दहशत कम नहीं हो रही है। अभी तक भालू गोशालाओं को क्षतिग्रस्त कर रहा था मगर अब वह विद्यालय भवन और दोपहिया वाहनों को भी क्षति पहुंचाने लगा है। भालू ने सोमवार रात को बदरीनाथ हाईवे पर स्थित प्राथमिक विद्यालय क्षेत्रपाल के किचन का दरवाजा तोड़कर वहां रखा मध्याह्न भोजन का राशन तहस-नहस कर दिया। साथ ही खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचाया है। भालू की सक्रियता से अभिभावक काफी चिंतित हैं। विद्यालय के शिक्षक विनोद चंद्र ने बताया कि भालू ने विद्यालय में काफी नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग को सूचित किया गया है। इधर, गोपेश्वर के समीप मवाण (देवलधार) गांव में सोमवार रात को भालू ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी की सीट को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया, जिसके बाद स्कूटी को भी गिरा दिया। भालू ने वहां खड़े एक वाहन के शीशे भी तोड़े। स्थानीय निवासी प्रशांत डिमरी का कहना है कि वन विभाग को भालू को भगाने के लिए कारगर उपाय करने चाहिए। इधर, बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ सर्वेश दुबे का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की टीम भेज दी गई है। भालू को खदेड़ने के निर्देश दिए गए हैं।