गोपेश्वर। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने नगर पालिका के अधिकारियों के साथ नगर के बस स्टैंड और क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को बस स्टैंड और नगर क्षेत्र में लगने वाले फड़-फेरियों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित स्थानों पर लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि बाजार में फड़ फेरियों की वजह से जाम की स्थिति न बने इसका ध्यान रखें, बस स्टैंड व प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए।
जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को नगर की पेयजल लाइनों के लीकेज तुरंत ठीक कराने और नालियों की नियमित साफ सफाई करने के भी निर्देश दिए। कहा कि आगामी चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सड़क किनारे नालियों के ऊपर जाली लगाकर सड़क को चौड़ा किया जाए। इस मौके पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद नेगी और नगर पालिका के ईओ मानवेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे। संवाद