देवाल। शनिवार को ब्लॉक सभागार में ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक आयोजित हुई। इसमें 20 फरवरी को आयोजित होने वाली बीडीसी बैठक के सफल संचालन और बैठक में आने वाली समस्याओं और कार्यों के प्रस्ताव को पांच फरवरी तक ब्लॉक कार्यालय में जमा करने की बात कही गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने बताया कि 20 फरवरी को बीडीसी बैठक होनी है। सदस्यों के भेजे प्रस्तावों को संबंधित विभागों को भेजा जाएगा ताकि अधिकारी बैठक में पूरी तैयारी के साथ आएं। बैठक में ग्राम प्रधानों ने बिजली, पेयजल, लोनिवि की खस्ताहाल देवाल- वाण, घेस- हिमनी, देवाल- चोटिग, विद्यालयों में प्रधानाचार्य की तैनाती, मानमती घाटी के बीएसएनएल मोबाइल टावरों का नियमित रूप से संचालन करने, जंगली जानवरों से खेती को बचाने आदि पर चर्चा हुई। बैठक में ज्येष्ठ उपप्रमुख दीपक गड़िया, कनिष्ठ उपप्रमुख पिंकी देवी, बीडीओ जयदीप बैरवाड़, एबीडीओ बीएस देव, प्रधान संघ अध्यक्ष खिलाप बिष्ट, महासचिव नरेंद्र सिंह, प्रधान आशा धपोला, सुरेंद्र बिष्ट, प्रदीप दानू, आदि मौजूद रहे। संवाद