ग्राम पंचायत सणकोट में अब किसी भी सार्वजनिक समारोह में शराब नहीं परोसी जाएगी। ग्रामीणों ने खुली बैठक कर कहा कि शराब के दुष्प्रभाव को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
ग्राम प्रधान मंजू देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि शराब के प्रचलन से गांव में आपसी सौहार्द और बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब से गांव में होने वाले सार्वजनिक समारोह तथा पारिवारिक उत्सवों में शराब नहीं परोसी जाएगी। किसी ने भी इस नियम विरुद्ध कार्य किया तो उसका सामाजिक बहिष्कार कर भारी अर्थदंड वसूला जाएगा। यदि गांव के किसी व्यक्ति ने शराब पीकर हुड़दंग मचाया तो उसके खिलाफ भी इसी तरह की दंडनात्मक कार्रवाई होगी। बैठक में12 जनवरी को बधाण की नंदा राजराजेश्वरी की उत्सव डोली के गांव आगमन की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि ईष्ट देवी मां नंदा देवी और यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। बैठक में नंदन लाल, बलवंत सिंह, खुशाल राम, रणजीत सिंह, महेशी देवी, संगीता देवी, बिंदी देवी, बीरेंद्र सिंह, भरत सिंह, मोहन सिंह, प्रदीप नेगी, प्रेम सिंह, शिशुपाल सिंह आदि मौजूद थे।