बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट इन दिनों पैतृक गांव थाला में अपने खेतों की निराई, गुड़ाई और आलू की बुआई करने में लगे हैं। वे एक सप्ताह से गांव में हैं। विधायक मैदानी क्षेत्रों से गांवों में पहुंचे ग्रामीणों को स्वरोजगार कर अपनी आर्थिकी मजबूत करने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं। विधायक महेंद्र भट्ट का कहना है कि युवा स्वरोजगार कर घर पर ही आर्थिकी अर्जित कर सकते हैं। चमोली जिले में परंपरागत फसलों के साथ ही उद्यानीकरण की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने स्वयं अपने तीन खेतों में आलू की बुआई की है। उन्होंने कहा कि आलू, चौलाई, मक्का, राजमा व फल, सब्जी स्वरोजगार की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है। ब्यूरो