बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में अवरुद्घ होने से पैदल ही बदरीनाथ धाम जाते तीर्थयात्री।
- फोटो : GOPESHWAR
लामबगड़ में भूस्खलन जारी होने से बदरीनाथ हाईवे पर दूसरे दिन भी यात्रा वाहनों की आवाजाही ठप रही। बदरीनाथ धाम में रोके गए 400 तीर्थयात्रियों को पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने लामबगड़ में पैदल आवाजाही करवाकर उनके गंतव्य को भेज दिया है, जबकि लगभग 500 तीर्थयात्री कुछ पैदल सफर तय करने के बाद बदरीनाथ धाम पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि लामबगड़ में हाईवे को खुलने में अभी दो दिन और लग सकते हैं।
बुधवार रात को भारी बारिश के दौरान लामबगड़ चट्टान से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा हाईवे पर आ गया। इससे यहां करीब 300 मीटर हाईवे भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बृहस्पतिवार को एनएच की दो जेसीबी मशीनों के जरिए काफी हद तक मलबा हटा लिया गया था, लेकिन बृहस्पतिवार शाम को फिर बारिश होने पर चट्टान से मलबा और बोल्डर फिर हाईवे पर आ गए। शुक्रवार को भी सुबह सात बजे बोल्डर चट्टान से छिटककर हाईवे पर आ गए। सुबह दस बजे तक एनएच के मजदूरों ने लामबगड़ में पैदल आवाजाही के लिए रास्ता बना लिया। इसके बाद बदरीनाथ धाम में रोके गए करीब चार सौ तीर्थयात्रियों को पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों की मदद से उनके गंतव्य को भेजा गया। लामबगड़ में पैदल चलने के बाद फिर वाहन से करीब 500 तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम पहुंचे हैं। गोविंदघाट के पुलिस थाना प्रभारी बृज मोहन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों द्वारा तीर्थयात्रियों की पैदल आवाजाही करवाई जा रही है। अभी हाईवे को खुलने में दो दिन का समय लग सकता है। लगातार मौसम खराब होने से हाईवे को खोलने में भी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने रविवार सुबह तक हाईवे के खुलने की उम्मीद जताई है।